*जिला स्तरीय मेगा पीटीएम का आयोजन* *मुख्यमंत्री ने वर्चुअल जुड़कर विद्यार्थियों, शिक्षक एवं अभिभावकों से किया संवाद* *बालिकाओं को निःशुल्क साईकिल वितरण का शुभांरम्भ*

Featured Image

भरतपुर, 23 जनवरी। जिला स्तरीय मेगा पीटीएम का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा वर्चुअल रूप से जुडकर विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों से रूबरू हुए। जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का वीसी के माध्यम से लाईव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया, जिला कलक्टर कमर चौधरी, सीईओ जिला परिषद मृदुल सिंह सहित अधिकारीगण एवं जनप्रतिनिधी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बसंत पंचमी माँ सरस्वती के पूजन एवं नमन का दिन है, यह दिन नव संकल्प, नव उद्भव, नव प्रेरणा के लिए सांस्कृतिक रूप से हम मनाते आ रहे है। उन्होंने मेगा पीटीएम के माध्यम से शिक्षण संस्थाओं में शैक्षणिक सुधारों, आधारभूत सुविधाएं के लिए चर्चा कर देश-प्रदेश के विकास में भागीदार बनने का आव्हान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को महापुरूषों से प्रेरणा लेकर उनके सपनों को पूरा करने के लिए आगे बढने की बात कही। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृतकाल में युवाओं के कंधों पर देश को आगे बढ़ाने का काम है, युवा नौकरी मांगने वाले नहीं देने वाले बने। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं के लिए चलाई जा रहे विभिन्न योजनाओं का भी विस्तार से उल्लेख किया। समारोह में बालिकाओं को साईकिल वितरण का शुभांरम्भ किया गया, प्रदेश में 3.14 लाख बालिकाओं को साईकिल वितरण कि जायेगी। *मुख्यमंत्री ने किया संवाद-* मुख्यमंत्री ने वर्चुअल रूप से कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय पीटीएम में पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय वैर में अध्ययनरत छात्रा कुमारी पूजा ने रूबरू हुए। मुख्यमंत्री ने छात्रा पूजा से शिक्षा के क्षेत्र में किये जा रहे नवाचारों की जानकारी ली। पूजा ने बताया कि वाद-विवाद प्रतियोगिता, खेल प्रतियोगिता एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से महापुरूषों एवं शिक्षा के नवाचारों की जानकारी दी जाती हैै। मुख्यमंत्री ने पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सेवर में नियुक्त शिक्षक विकास चौधरी से संवाद कर बच्चों में एक-दूसरे के सहयोगी की भावना पैदा करने तथा सामूहिक रूप से शैक्षणिक नवाचार बताने को कहा। मुख्यमंत्री ने पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सेवर में अध्ययरत छात्रा कुमारी कोमल के अभिभावक श्रीमती मोहिनी देवी से संवाद किया तथा बालिका को साईकिल उपलब्ध कराने से मिली सुविधा के बारे में फीडबैक लिया। मोहिनी देवी ने बताया कि साईकिल मिलने से पहले बेटी कोमल को स्कूल बैग को कंधे पर ले जाना पड़ता था, अब साईकिल से बेटी स्कूल जाती है, इससे समय की बचत हुई है। विद्यालय में पढ़ाई भी अच्छी प्रकार कर पा रही है, उन्होंने मुख्यमंत्री जी का विद्यार्थियों के हित में चलाये जा रही कल्याणकारी योजनाओं के लिए अभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने सभी शिक्षकगण से संवाद करते हुये विद्यार्थियों को प्रदेश के प्रमुख स्थानों पर भ्रमण कराकर संस्कृति, ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों की जानकारी देने तथा जिले के प्रमुख स्थानों के बारे में भी जानकारी देने का आव्हान किया। *जिला स्तर पर साईकिल वितरण का शुभारंम्भ-* जिला स्तर पर बालिका को साईकिल वितरण का शुभारंम्भ कलेक्ट्रेट परिसर से किया गया। संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया, जिला कलक्टर कमर चौधरी, पूर्व सांसद रंजीता कोली, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद मृदुल सिंह, जिला अध्यक्ष शिवानी दायमा ने 21 छात्राओं को निःशुल्क साईकिल का वितरण किया। इस अवसर पर अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा, शहर राहुल सैनी, उपनिदेशक शिक्षा दलवीर सिंह, सीडीईओ अनित कुमार, डीईओं माध्यमिक सुरेन्द्र गोपालिया सहित बड़ी संख्या में शिक्षा अधिकारी, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे। ---00---