अवैध कॉलोनियों पर बीडीए का बड़ा एक्शन, 18 हेक्टेयर भूमि अतिक्रमण मुक्त भरतपुर, 08 मई। भरतपुर विकास प्राधिकरण द्वारा अवैध कॉलोनियों एवं अतिक्रमण के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को लगभग 18 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। प्राधिकरण के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने पैराफैरी क्षेत्र में आने वाले रीको रोड से हथैनी रोड एवं आसपास के क्षेत्रों में अवैध प्लाटिंग और निर्माणों पर कार्रवाई करते हुए करीब 250 अवैध भूखण्डों को ध्वस्त किया।

Featured Image

अतिक्रमण प्रभारी अधिकारी तहसीलदार मुकेश मीणा ने बताया कि पूर्व में 31 अक्टूबर 2025 की कार्यवाही की निरन्तरता में 07 मई को ग्राम नौंह, नगला लोधा, बराखुर, जघीना नंबर-4 एवं भवनपुरा क्षेत्रों में जेसीबी मशीनों की सहायता से अवैध रूप से विकसित की गई 6 कॉलोनियों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान अवैध रूप से बनाए गए रास्तों को भी खोदकर समाप्त किया गया तथा अवैध प्लॉटिंग को पूरी तरह ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण प्रभारी अधिकारी मौके पर मौजूद अतिक्रमणकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे नियमानुसार भू-उपयोग परिवर्तन करवाकर ही ले-आउट अनुमोदित कराएं। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि बिना अनुमति विकसित की जा रही कॉलोनियों के विरुद्ध आगे भी निरंतर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। इस दौरान मौके पर सहायक अभियंता दिनेश कुमार, कनिष्ठ अभियंता संजय मीना, भू-अभिलेख निरीक्षक ज्ञानसिंह नीमेश एवं पटवारी लोकेश शर्मा सहित प्राधिकरण का अतिक्रमण निरोधक दस्ता मौजूद रहा। ---00---