*प्रयोगशाला सहायक संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा-2025* *सभी विभाग बोर्ड निर्देशों की पालना करते हुए परीक्षा सम्पन्न करायें-एडीएम* भरतपुर, 08 मई। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा आयोजित प्रयोगशाला सहायक संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा-2025 जिले में 9 व 10 मई को आयोजित की जायेगी। जिसकी

Featured Image

तैयारियों की समीक्षा बैठक परीक्षा समन्वयक एवं एडीएम प्रशासन घनश्याम शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने कहा कि बोर्ड के निर्देंशों के अनुरूप प्रतियोगी परीक्षा की सभी तैयारियां समय पर पूर्ण कर सभी विभाग पारदर्शिता से कार्य करें। उन्होंने परीक्षार्थियों के लिए बोर्ड के निर्देंशों के अनुरूप परीक्षा केन्द्रों पर निर्धारित सुरक्षा मापदण्डों की जांच के बाद ही प्रवेश देने, समय की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रवेश के समय फ्रिस्किंग प्रक्रिया एवं बायोमेट्रिक जांच सतर्कता से करने के निर्देश दिए, जिससे गोपनीय डिवायस अन्दर नहीं जाये। उन्होंने परीक्षार्थियों के लिए आवागमन हेतु रोडवेज को अतिरिक्त बस लगाने एवं शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने तथा अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त कलक्टर ने बताया कि 9 मई को प्रयोगशाला सहायक भूगोल 59 परीक्षा केन्द्रों पर प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक एक सत्र में आयोजित होगी जिसमें 17 हजार 259 परीक्षार्थी भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि 10 मई को प्रयोगशाला सहायक विज्ञान सीधी भर्ती परीक्षा प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तथा अपरान्ह 3 बजे से सांय 5 बजे तक दो पारियों में 65 परीक्षा केन्द्रों पर 19 हजार 152 परीक्षार्थी भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए 118 पर्यवेक्षक, 11 सतर्कता दल गठित किए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर 2-2 वीडियोग्राफर तैनात किए जाकर राजकीय कार्मिकों को वीक्षक के रूप में नियुक्त किया गया है। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात नरेन्द्र कुमार, अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अभय मुद्गल, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अतुल चतुर्वेदी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। ---00---