वर्षा पूर्व विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, कलेक्टर कमर चौधरी ने किया शहर का निरीक्षण भरतपुर, 9 मई। जिला कलक्टर कमर चौधरी ने शनिवार को शहर में चल रहे विकास कार्यों का आकस्मिक निरीक्षण कर अधिकारियों को वर्षा पूर्व सभी नाला, ड्रेन एवं सड़क निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और जल निकासी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

Featured Image

निरीक्षण की शुरुआत रेडक्रॉस सर्किल से की गई, जहां सीएफसीडी ड्रेन निर्माण कार्य एवं मिट्टी भराव कार्य की प्रगति देखी गई। इसके बाद चांदपोल गेट क्षेत्र में निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए जिला कलक्टर ने बीडीए और नगर निगम अधिकारियों को पानी भराव क्षेत्रों में पम्प लगाकर जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कार्य तेजी से पूरा हो सके। कलेक्टर ने सेक्टर-3 में नाला निर्माण कार्य, कुम्हेर गेट मंडी क्षेत्र में ड्रेन निर्माण एवं मथुरा बाईपास से जुड़े जल निकासी कार्यों का निरीक्षण कर अतिरिक्त टीम और संसाधन लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात से पहले सभी संवेदनशील क्षेत्रों में जलभराव की समस्या खत्म होना जरूरी है। कुम्हेर गेट चौराहे पर उन्होंने नाला निर्माण के साथ भूमिगत विद्युत लाइन, पेयजल पाइपलाइन, टेलीफोन और इंटरनेट लाइनों के कार्य समानांतर रूप से पूरे करने के निर्देश दिए। साथ ही अवरोधक विद्युत खंभों और ट्रांसफार्मरों को शीघ्र हटाने तथा अतिक्रमण चिन्हित कर कार्रवाई करने को कहा। जिला कलक्टर ने लोहागढ़ स्टेडियम में खेल मैदानों में जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम एवं बीडीए अधिकारियों को पानी निकासी के स्थायी इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को किसी भी मौसम में अभ्यास में परेशानी नहीं होनी चाहिए। जघीना गेट से अनाह गेट तक सीएफसीडी ड्रेन निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए वैकल्पिक मार्ग तैयार कर यातायात सुचारू रखने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान बीडीए, नगर निगम, आरयूआईडीपी और सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।