*11 मई को भरतपुर में मनाया जाएगा ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’* *श्री श्मशानेश्वर महादेव जी मंदिर, काली की बगीची में होगा जिला स्तरीय आयोजन* *धार्मिक, सांस्कृतिक एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम होंगे आयोजित*

Featured Image

भरतपुर, 10 मई। सोमनाथ मंदिर पर प्रथम आक्रमण के 1000 वर्ष एवं मंदिर पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रदेशभर में 11 मई, सोमवार को “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में भरतपुर जिले में जिला स्तरीय कार्यक्रम राजकीय सुपुर्दगी मंदिर श्री श्मशानेश्वर महादेव जी मंदिर, काली की बगीची में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर पर आधारित राष्ट्रीय कार्यक्रम के लाइव प्रसारण के साथ सम्पन्न होगा, जिसमें माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य धार्मिक, सांस्कृतिक एवं जन-जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करना है। जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेशानुसार सहायक आयुक्त, देवस्थान विभाग भरतपुर मुकेश कुमार मीणा को कार्यक्रम का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्हें आयोजन के सफल संचालन एवं विभिन्न विभागों के समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्यक्रम के तहत सामूहिक मंत्रोच्चार, ओमकार जाप, शिव भजन-कीर्तन, स्वच्छता अभियान, शिव पंचाक्षर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं अन्य धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। साथ ही मंदिरों में सजावट, स्वच्छता एवं व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए है।