*भोमपाल सिंह को मिला 10 हजार रुपये का अनुदान, खेती को मिलेगी नई दिशा* भरतपुर, 10 मई। राजस्थान सरकार की कृषक, पशुपालकों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से संबंधित जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार हेतु एलईडी मोबाइल वैन ग्राम रथ अभियान के तहत पंचायत समिति बयाना की ग्राम पंचायत निठारी में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। ग्राम रथ के माध्यम से ग्रामीणों को राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं, विकास कार्यों तथा जनहितकारी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।

Featured Image

ग्राम रथ अभियान के तहत आयोजित शिविर में भोमपाल सिंह पुत्र प्रेमसिंह निवासी ग्राम खानखेडा ने कृषि विभाग के कृषि पर्यवेक्षक एवं सहायक कृषि अधिकारी से गोवर्धन जैविक उर्वरक योजना के बारे में जानकारी ली। उनकी प्रेरणा से भोमपाल सिंह ने ई-मित्र के माध्यम से गोवर्धन जैविक उर्वरक योजना में ऑनलाइन आवेदन किया। ग्राम रथ अभियान के दौरान भोमपाल सिंह का कृषि पर्यवेक्षक एवं सहायक कृषि अधिकारी द्वारा आवेदन स्वीकृत किया गया। गोवर्धन जैविक उर्वरक योजना के तहत भोमपाल सिंह को कृषि विभाग से 10 हजार रूपये का अनुदान प्राप्त हुआ, जिससे भोमपाल सिंह अपने खेत के लिए वर्मी कम्पोस्ट तैयार करना शुरू कर सकेगा। जैविक खाद का उपयोग खेती को रासायनिक उर्वरकों से मुक्त करने की दिशा में कदम होगा। खेती में वर्मी कम्पोस्ट का उपयोग कर जैविक खेती से फसल की गुणवत्ता में सुधार के साथ ही रासायनिक उर्वरकों पर होने वाले खर्च में भी कमी आयेगी। लाभार्थी भोमपाल सिंह ने माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं कृषि विभाग का हृदय से आभार व्यक्त किया। ---00---