भरतपुर में देह व्यापार का भंडाफोड़: टूरिस्ट गेस्ट हाउस पर पुलिस की बड़ी रेड, 2 गिरफ्तार भरतपुर शहर के मथुरागेट थाना क्षेत्र स्थित सारस चौराहे के पास एक टूरिस्ट गेस्ट हाउस में चल रहे कथित देह व्यापार के अड्डे का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है।

Featured Image

जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा के निर्देशन में शहर पुलिस ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए गेस्ट हाउस पर छापा मारा। पुलिस ने मौके से गेस्ट हाउस के सहायक संचालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान देह व्यापार में शामिल आठ महिलाओं और एक नाबालिग लड़की को दस्तयाब किया गया। नाबालिग को सुरक्षा के लिए नारी निकेतन भेजा गया है। पुलिस ने गेस्ट हाउस से अवैध शराब भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर एक पुलिसकर्मी को फर्जी ग्राहक बनाकर भेजा गया। सौदा तय होते ही टीम ने दबिश देकर पूरे गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया। इस मामले में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, आबकारी अधिनियम, पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मुख्य सरगना सहित एक अन्य फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। मामले की जांच जारी है।