नगला धवला में जलभराव से हालात बदतर, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा भुसावर क्षेत्र की ग्राम पंचायत बारौली के गांव नगला धवला में आम रास्तों पर लंबे समय से जलभराव और कीचड़ की समस्या बनी हुई है। इससे ग्रामीणों का आवागमन

Featured Image

बेहद कठिन हो गया है और लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीण लेखराज, सुभाष, थानसिंह, बनवारी सहित कई लोगों ने बताया कि गांव के अधिकांश रास्ते पानी और कीचड़ से लबालब हैं, जिसके कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव के कारण जहरीले कीड़े-मकोड़ों का खतरा बढ़ गया है। साथ ही गंदगी में फिसलकर हादसा होने की आशंका भी बनी रहती है। लगातार भरे पानी से आसपास के मकानों की नींव पर भी खतरा मंडराने लगा है, जिससे लोगों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस समस्या को लेकर कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि गांव में आकर बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद गांव की मूलभूत समस्याओं को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द जलनिकासी की व्यवस्था कराने, रास्तों की सफाई करवाने और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।