भरतपुर में होटल पर पुलिस रेड के दौरान पत्रकारों को कवरेज से रोका, थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप

Featured Image

भरतपुर। मथुरा गेट थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में देह व्यापार की सूचना पर पुलिस ने देर शाम छापेमार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान मौके पर पहुंचे पत्रकारों और कैमरा टीमों को कवरेज करने से रोकने का आरोप लगा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार थाना प्रभारी हरलाल मीणा ने पत्रकारों से कवरेज बंद करने को कहा और राजकार्य में बाधा का मामला दर्ज करने की चेतावनी दी। आरोप है कि एक बड़े न्यूज़ चैनल के कैमरामैन को पुलिसकर्मियों ने धक्का देकर होटल परिसर से बाहर निकाल दिया। घटना के बाद पत्रकारों में नाराजगी देखने को मिली। पत्रकारों का कहना है कि पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष कवरेज करने से रोकना प्रेस की स्वतंत्रता पर सवाल खड़े करता है। वहीं, थाना प्रभारी हरलाल मीणा पर पहले भी पत्रकारों से विवाद होने के आरोप लगते रहे हैं। फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, जिला पुलिस अधीक्षक की ओर से भी इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अब तक कोई कार्रवाई या प्रतिक्रिया नहीं आई है। यदि पत्रकारों के लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह मामला पुलिस और मीडिया के संबंधों को लेकर गंभीर बहस का विषय बन सकता है। सभी की नजर अब जिला पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।