महिला सुरक्षा को लेकर भरतपुर पुलिस का बड़ा अभियान, 39 महिलाओं का हुआ सम्मान भरतपुर। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को नई मजबूती देने के उद्देश्य से भरतपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत बीडीए ऑडिटोरियम में महिला वॉलंटियर्स के साथ संवाद एवं महिला सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना की अध्यक्षता में आयोजित हुआ, जबकि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कम्युनिटी पुलिसिंग सुनीता मीणा ने महिलाओं से सीधा संवाद कर उन्हें सुरक्षा से जुड़े कानूनों और

Featured Image

अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) धर्मेन्द्र कुमार यादव, सहायक पुलिस अधीक्षक आशिमा वासवानी तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक त्वरित अनुसंधान प्रकोष्ठ रामगोपाल भी मौजूद रहे। इस दौरान सुरक्षा सखी, महिला सीएलजी सदस्य, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, राजीविका समूह, साथिन, एनएसएस-एनसीसी, एनजीओ प्रतिनिधि, शिक्षिकाएं, एएनएम, आशा सहयोगिनी, महिला अधिवक्ता, छात्राएं और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़ी महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संवाद कार्यक्रम में महिलाओं को साइबर अपराध, सोशल मीडिया सुरक्षा, घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न, छेड़छाड़, स्टॉकिंग, मानव तस्करी, बालिका सुरक्षा और महिला हेल्पलाइन जैसी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया गया। साथ ही अपील की गई कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना बिना किसी डर के तुरंत पुलिस को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। समारोह के दौरान महिला सुरक्षा और जन-जागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 39 महिलाओं को प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। एसपी राजेश कुमार मीना ने कहा कि महिला सुरक्षा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल अपराधों की रोकथाम नहीं, बल्कि महिलाओं में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाना और पुलिस व समाज के बीच मजबूत साझेदारी स्थापित करना है। उन्होंने बताया कि 1 जुलाई से 29 जुलाई तक पूरे जिले में विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता अभियान, कार्यशालाएं और संवाद कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि हर महिला स्वयं को सुरक्षित और सशक्त महसूस कर सके।