इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी पर अनियमितताओं के सम्बन्ध में राज्यपाल को लिखा पत्र कार्यो की हो विस्तृत ऑडिट, कार्यालय को आरबीएम् चिकित्सालय परिसर में किया जाये स्थानांतरित भरतपुर, 8 मई। इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी भरतपुर के संरक्षक सीताराम गुप्ता ने राज्यपाल को पत्र लिखकर सोसायटी को पुनः सक्रिय, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाने

Featured Image

की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि रेडक्रॉस सोसायटी की स्थापना पीड़ित मानवता की सेवा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में राहत कार्यों के उद्देश्य से की गई थी, किंतु वर्तमान समय में भरतपुर इकाई अपने मूल उद्देश्यों से भटकती हुई प्रतीत हो रही है। प्राकृतिक आपदाओं एवं आपातकालीन घटनाओं के समय सोसायटी की सक्रिय भूमिका दिखाई नहीं देने से आमजन में इसकी कार्यप्रणाली को लेकर प्रश्नचिन्ह उत्पन्न हो रहे हैं। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि वर्तमान में सोसायटी के सचिव एवं अन्य पदाधिकारी संगठन के अध्यक्ष, वायस चेयरमेन व संरक्षक को कभी भी कार्यों, आय-व्यय एवं योजनाओं की जानकारी नही देते ! यहाँ तक की सोसायटी की बैठक भी नही होती है ! जिससे लगता है कि सोसायटी पूर्ण पारदर्शिता के साथ कार्य नहीं कर रही ! वर्तमान में सोसायटी का कार्यालय जनाना अस्पताल परिसर में है ! कार्यालय के पास सचिव का व्यापारिक प्रतिष्ठान होने के कारण व्यक्तिगत प्रभाव रहने की संभावना बनी रहती है। ऐसी स्थिति में निष्पक्ष एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने के लिए कार्यालय को जिला आरबीएम अस्पताल परिसर में स्थानांतरित किया जाना अधिक उपयुक्त रहेगा, जिससे प्रशासन की प्रत्यक्ष निगरानी एवं जनहितकारी संचालन सुनिश्चित हो सके। गुप्ता ने पत्र के माध्यम से सोसायटी के आय-व्यय का विस्तृत एवं निष्पक्ष ऑडिट करवाने, नियमित बैठकों का आयोजन करने तथा वार्षिक कार्ययोजना बनाकर सेवा एवं राहत कार्यों को प्रभावी रूप से संचालित करने की मांग की है। इसके अतिरिक्त वर्ष में कम से कम एक बार जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में विस्तृत बैठक आयोजित करने का सुझाव दिया गया, जिसमें अन्य सामाजिक एवं सेवा का कार्य करने वाली संस्थाओं को भी आमंत्रित किया जाए ताकि आपदा एवं राहत कार्यों में सभी का सक्रिय सहयोग को लिया जा सके। गुप्ता ने बताया कि राज्यपाल महोदय के जयपुर में आयोजित वीडियो कोंफ्रेंसिंग के माध्यम से मार्गदर्शन बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि रेडक्रॉस सोसायटी के कार्यालयों को प्रशासनिक नियंत्रण एवं पारदर्शिता की दृष्टि से उपयुक्त स्थानों पर स्थानांतरित किया जाए। उसी निर्णय एवं दिशा-निर्देश की पालना में भरतपुर कार्यालय को भी जिला स्तरीय प्रशासनिक कार्यालयों के पास किया जाये ! गुप्ता द्वारा लिखे गये पत्र में कहा है कि इस सम्बन्ध में भरतपुर जिला कलेक्टर को भी पत्र लिखकर आग्रह किया था किन्तु अभी तक कोई कार्यवाही नही हुई और न ही कार्यालय को आरबीएम् चिकित्सालय में स्थानांतरित किया गया तथा ऑडिट का कार्य भी शुरू नही हुआ ! पत्र में कहा है कि भरतपुर जिले में आये दिन सड़क दुर्घटना, आगजनी व प्राकृतिक आपदा जैसी घटनाएँ होती रहती हैं ! इन घटनाओं के राहत कार्यों में सोसायटी का कोई योगदान नहीं रहता ! यदि रेडक्रॉस सोसायटी सक्रिय रूप से घटनाओं में पीड़ित लोगों को राहत दिलाने का कार्य करे तो जिला प्रशासन को भी राहत कार्यों में सहयोग मिलेगा ! इन सुझावों पर समयबद्ध कार्यवाही होने से इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी पुनः अपने मूल उद्देश्यों के अनुरूप सक्रिय होकर जनसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेगी।