*मिशन पढ़ो अभियान के शुभारंभ के मद्देनज़र 29 जुलाई का स्थानीय अवकाश निरस्त,* *29 अक्टूबर को रहेगा स्थानीय अवकाश* भरतपुर, 27 जुलाई। जिले के राजकीय विद्यालयों में 29 जुलाई 2026 से मिशन पढ़ो अभियान का विधिवत एवं समारोहपूर्वक शुभारंभ किया जाएगा। अभियान के तहत विद्यार्थियों

Featured Image

में अध्ययन के प्रति रुचि विकसित करने तथा सीखने की गुणवत्ता बढ़ाने के उद्देश्य से विद्यालयों में विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रेरक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। जिला कलक्टर कमर चौधरी ने बताया कि मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, समग्र शिक्षा भरतपुर के पत्र के आधार पर पूर्व में जारी स्थानीय अवकाश संबंधी आदेश में आंशिक संशोधन किया गया है। उन्होंने बताया कि संशोधित आदेश के अनुसार 29 जुलाई 2026 (बुधवार) को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर घोषित स्थानीय अवकाश निरस्त कर दिया गया है। इसके स्थान पर 29 अक्टूबर 2026 (गुरुवार) को करवा चौथ व्रत के अवसर पर स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। जिला प्रशासन ने जिले के सभी राजकीय कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों से संशोधित आदेश की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विद्यालयों में 29 जुलाई को निर्धारित कार्यक्रमानुसार मिशन पढ़ो अभियान का शुभारंभ करते हुए विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। ---00---