भरतपुर  न्यूज़   नदबई नगर पालिका में भाजपा का दबदबा, कमलेश कटारा निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित

Featured Image

नदबई। नगर निकाय चुनाव के बीच नदबई नगर पालिका की सियासत में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। भाजपा प्रत्याशी कमलेश कटारा नगर पालिका अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। अध्यक्ष पद के लिए नामांकन वापसी की निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने के बाद मैदान में केवल कमलेश कटारा का नामांकन ही शेष रहा। इसके बाद रिटर्निंग अधिकारी सचिन यादव ने नगर पालिका परिसर में उनके निर्विरोध निर्वाचन की औपचारिक घोषणा की और उन्हें प्रमाण-पत्र सौंपा। कमलेश कटारा इससे पहले नदबई नगर पालिका के वार्ड नंबर 35 से भाजपा के टिकट पर निर्विरोध पार्षद चुनी गई थीं। मंगलवार को उन्होंने अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया था। उनके नामांकन में वार्ड नंबर 15 से विजयी पार्षद प्रीति कुमारी प्रस्तावक बनीं। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने और किसी अन्य प्रत्याशी के मैदान में नहीं रहने के बाद उनका निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया। कमलेश कटारा के अध्यक्ष बनने के साथ उनके परिवार की राजनीतिक मौजूदगी भी चर्चा में है। उनके पुत्र राहुल कटारा वार्ड नंबर 27 से निर्विरोध पार्षद चुने गए हैं। वहीं उनके पति घनश्याम कटारा पूर्व में नगर पालिका अध्यक्ष रह चुके हैं। ऐसे में कटारा परिवार की नगर पालिका की राजनीति में मौजूदगी एक बार फिर सुर्खियों में है। निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने आतिशबाजी कर और जयघोष लगाकर खुशी का इजहार किया। इसके बाद समर्थकों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष कमलेश कटारा का माला और साफा पहनाकर स्वागत और अभिनंदन किया। अब नवनिर्वाचित अध्यक्ष कमलेश कटारा के सामने नदबई शहर की जनता से जुड़े कई अहम मुद्दों पर काम करने की जिम्मेदारी होगी। सड़क, सफाई, जल निकासी, पेयजल, रोशनी और अन्य जनसुविधाओं को बेहतर बनाना नई नगर पालिका के सामने प्रमुख चुनौतियों में शामिल रहेगा। नदबई नगर पालिका में अध्यक्ष पद का निर्विरोध निर्वाचन भाजपा के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि नई अध्यक्ष शहर के विकास और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर किस तरह की कार्ययोजना के साथ आगे बढ़ती हैं।