बयाना में ‘विकसित भारत जन सेवा अभियान’ का आगाज,महीनेभर होंगे जनसेवा के कार्यक्रम बयाना। भरतपुर जिले के बयाना में राज्य सरकार के ‘विकसित भारत जन सेवा अभियान’ के तहत महीनेभर विभिन्न जनसेवा, जागरूकता और सामाजिक सहभागिता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। नगर पालिका बयाना की ओर से  17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा।

Featured Image

अभियान की शुरुआत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से हुई। इसके तहत नगर पालिका क्षेत्र के सार्वजनिक स्थलों, घरों, धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों और जल स्रोतों पर दीप प्रज्वलित कर अभियान का संदेश आमजन तक पहुंचाया गया। वहीं 1 अक्टूबर को उप जिला चिकित्सालय बयाना में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर के जरिए लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने का संदेश दिया जाएगा। शिक्षा विभाग की ओर से भी विद्यार्थियों को अभियान से जोड़ने के लिए ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला, भाषण और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। ये प्रतियोगिताएं 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेंगी। अभियान के तहत ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ कार्यक्रम भी खास रहेगा। इसके माध्यम से सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों और उनके परिवारों की कहानियों को सामने लाने की गतिविधियां की जाएंगी। प्रेस-नोट के मुताबिक लाभार्थियों की रील, वीडियो और फोटो तैयार कर सोशल मीडिया एवं पोर्टल पर अपलोड किए जा रहे हैं। इसके अलावा ‘सेवा सेतु अभियान’ 7 से 16 अक्टूबर तक आयोजित होगा। वहीं ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम के तहत 24 सितंबर और 11 अक्टूबर को सार्वजनिक स्थलों पर विभिन्न योजनाओं और राष्ट्रीय प्रतीकों से जुड़ी रंगोलियां बनाई जाएंगी। कुल मिलाकर बयाना में अगले एक महीने तक जनसेवा, जागरूकता, शिक्षा, सामाजिक सहभागिता और सरकारी योजनाओं से जुड़ी गतिविधियों की श्रृंखला जारी रहेगी। अभियान का उद्देश्य विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन की भागीदारी बढ़ाना और सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाना है।