पंचायत समिति भुसावर में AEN 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार भरतपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो यानी ACB ने भरतपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए पंचायत समिति भुसावर में तैनात सहायक अभियंता गोविन्द प्रसाद को 30 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों ट्रैप किया है। कार्रवाई के बाद पंचायत समिति और संबंधित विभाग में हड़कंप मच गया।

Featured Image

ACB के एडिशनल एसपी अमित सिंह के अनुसार, एसीबी चौकी भरतपुर में एक परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में परिवादी ने बताया कि वह संवेदक है और उसके तथा सह-परिवादी के कार्यों से संबंधित माप पुस्तिका (MB) और कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र को सत्यापित कर हस्ताक्षर करने की एवज में सहायक अभियंता गोविन्द प्रसाद द्वारा 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगे जाने का आरोप लगाया गया था। शिकायत मिलने के बाद एसीबी टीम ने उसका सत्यापन कराया। शिकायत के सत्यापन में तथ्य सामने आने के बाद एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर ट्रैप की कार्रवाई की योजना तैयार की गई। निर्धारित योजना के तहत सोमवार को एसीबी टीम ने कार्रवाई करते हुए पंचायत समिति भुसावर के सहायक अभियंता गोविन्द प्रसाद को परिवादी से 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। एसीबी टीम ने मौके से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली। कार्रवाई एसीबी महानिरीक्षक एस. परिमला के सुपरविजन में की गई। ट्रैप के बाद आरोपी सहायक अभियंता से पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। ACB के अनुसार आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान किया जाएगा। कार्रवाई के बाद अब जांच एजेंसी रिश्वत की मांग और उससे जुड़े पूरे मामले की कड़ियां खंगालने में जुटी है।