भुसावर के आर्य महिला विद्यापीठ में अभिभावक-शिक्षक सम्मेलन, नए प्राथमिक विद्यालय भवन का लोकार्पण भरतपुर जिले के भुसावर कस्बे स्थित आर्य महिला विद्यापीठ परिसर में शनिवार को अभिभावक-शिक्षक सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के मंत्री अजय अग्रवाल ने की, जबकि उप मंत्री सत्येंद्र गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

Featured Image

सम्मेलन के दौरान अभिभावकों ने प्रधानाचार्य निरंजन लाल पांडे के समक्ष विद्यालय से जुड़ी विभिन्न समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं रखीं। प्रधानाचार्य ने अभिभावकों को विद्यालय की भावी योजनाओं, शैक्षणिक नवाचारों तथा विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी और सुझावों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम के उपरांत विद्यापीठ परिसर में नवनिर्मित प्राथमिक विद्यालय भवन का विधिवत लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर संस्था के अमृत मित्तल, अनिता सिंह, संयज अग्रवाल, डिम्पल मित्तल, कार्यक्रम प्रभारी प्रमोद बंसल सहित अनेक गणमान्य नागरिक, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। सम्मेलन का उद्देश्य विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों के समग्र विकास को नई दिशा देना रहा।