आरबीएम अस्पताल से पुलिस कस्टडी से फरार दोनों आरोपी गिरफ्तार, डीग पुलिस को मिली बड़ी सफलता भरतपुर। भरतपुर के आरबीएम अस्पताल से पुलिस कस्टडी से फरार हुए दोनों आरोपियों को डीग पुलिस ने दोबारा गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई की पुष्टि डीग जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ ने "भरतपुर अभी-अभी" से बातचीत में की है।

Featured Image

जानकारी के अनुसार, गत दिनों डीग जिले के कामा थाना क्षेत्र के बरौली धाऊ गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर झगड़ा और फायरिंग हुई थी। इस घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के आरोपियों को हिरासत में लिया था। घायल होने के कारण आरोपी वीरेंद्र और दिलीप को उपचार के लिए भरतपुर के आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान दोनों आरोपी पुलिस कस्टडी से फरार हो गए थे, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। फरारी की सूचना मिलते ही डीग पुलिस ने विशेष टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने दोनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने राहत की सांस ली है। अब दोनों आरोपियों से फरारी में किसी की मदद मिली या नहीं, इस संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। साथ ही पुलिस कस्टडी से फरार होने की घटना में लापरवाही के पहलुओं की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूरे मामले में विस्तृत जानकारी और आधिकारिक बयान का इंतजार है। इस घटनाक्रम पर पुलिस की आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।