*सेवर पीएम श्री विद्यालय का उपखंड अधिकारी ने किया निरीक्षण* *-पुस्तकालय के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं विद्यालय भूमि से अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश* भरतपुर, 18 जुलाई। पीएम श्री स्कूल विजिट योजना के अंतर्गत स्टेट रिव्यूवर एवं उपखंड अधिकारी भारती गुप्ता ने शनिवार को पीएम श्री विद्यालय, सेवर का निरीक्षण

Featured Image

कर विद्यालय में संचालित शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन करते हुए शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से संवाद किया तथा व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। उपखंड अधिकारी ने विद्यालय के सार्वजनिक वाचनालय एवं पुस्तकालय की सराहना करते हुए निर्देश दिए कि इसकी सुविधाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी पुस्तकालय का लाभ उठाकर अध्ययन एवं पठन-पाठन की संस्कृति को अपनाएं। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय विद्यार्थियों के ज्ञान, व्यक्तित्व विकास और बौद्धिक क्षमता को समृद्ध करने का प्रभावी माध्यम है, इसलिए इसका अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए। इसके पश्चात उपखंड अधिकारी ने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, सुखावली के निर्माणाधीन भवन एवं खेल मैदान का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय परिसर एवं खेल मैदान पर अतिक्रमण की स्थिति का अवलोकन करते हुए संस्था प्रधान को निर्देश दिए कि अतिक्रमणकर्ताओं को नियमानुसार नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, जिससे विद्यालय की भूमि सुरक्षित रहे तथा विद्यार्थियों को खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो सके। उन्होंने विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण तथा उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर विशेष बल देते हुए अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने की बात कही। इस निरीक्षण के दौरान मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अतुल चतुर्वेदी, जिला शिक्षा अधिकारी सुरेन्द्र गोपालिया, सेवर सीबीईओ विनोद मित्तल, एसीबीईओ बच्चू सिंह सहित शिक्षा एवं राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।